राँची। पलामू के पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम को ओड़िशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आदेश जारी कर दिया है। वही उड़ीसा के राज्यपाल बनाए जाने पर भाजपा की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गई हैं।
बधाई संदेश में कहा गया कि महाप्रभु जगन्नाथ की पावन भूमि ओड़िशा के राज्यपाल के रूप में श्री ब्रज मोहन राम को उनके लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव का लाभ मिलेगा। उनके अनुभव और सार्वजनिक जीवन से प्राप्त समझ से राज्य को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
साथ ही, उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए आशा व्यक्त की गई कि वे अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगे।
एसएसपी की अध्यक्षता में हुई बैठक, पूजा पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और 24 घंटे निगरानी अनिवार्य करने का निर्देश
राँची। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अपराध पर अंकुश और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, प्रोबेशनर आईपीएस अधिकारियों, सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, अपराध नियंत्रण और विसर्जन जुलूस के सुचारु संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
पूजा पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य
पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को अपने पंडालों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त स्टोरेज क्षमता रखने और कैमरों का डिस्प्ले परिसर में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सीसीटीवी की निगरानी के लिए कम से कम एक व्यक्ति की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अग्नि सुरक्षा को लेकर पंडालों में पर्याप्त फायर एक्सटिंग्विशर, बालू, पानी और जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर की व्यवस्था करने को कहा गया है। विद्युत सुरक्षा, भवन निर्माण से संबंधित आवश्यक प्रमाण-पत्र, पर्याप्त रोशनी, अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, जनरेटर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी। पुरुष एवं महिला स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती के साथ निर्धारित सुरक्षा मानकों और न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य किया गया है। संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस उपाधीक्षक पंडालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करेंगे।
भीड़ नियंत्रण के लिए क्यूआरटी और शक्ति कमांडो की तैनाती
भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर जरूरत के अनुसार निगरानी टावर लगाए जाएंगे। प्रमुख पूजा पंडालों और मुख्य सड़कों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही स्थिर एवं चलायमान क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की व्यवस्था की जाएगी। विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाइक दस्तों के माध्यम से लगातार गश्त और निगरानी की जाएगी।
बड़े पूजा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा और उनसे संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए शक्ति कमांडो तैनात किए जाएंगे। पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
मोबाइल और चेन छिनतई करने वालों पर रहेगी नजर
दुर्गा पूजा के दौरान मोबाइल, बैग और चेन छिनतई, बाइक चोरी सहित अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने के लिए सघन एंटी-क्राइम चेकिंग और गश्त चलाने का निर्देश दिया गया है। पूर्व में सांप्रदायिक घटनाओं में संलिप्त रहे व्यक्तियों और अन्य संदिग्धों की गतिविधियों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चेन छिनतई, मोबाइल चोरी और बाइक चोरी में संलिप्त पुराने अपराधियों तथा गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अपराध की आशंका वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
विसर्जन मार्गों का होगा भौतिक निरीक्षण
विसर्जन जुलूस को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सभी निर्धारित मार्गों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सड़कों की स्थिति, संकरे रास्तों, दुर्घटना संभावित स्थलों और अन्य बाधाओं को चिह्नित किया जाएगा। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
प्रमुख सड़कों एवं चौक-चौराहों पर भीड़ की स्थिति के अनुरूप यातायात प्रबंधन और डायवर्जन की व्यवस्था होगी। विसर्जन जुलूस के संचालन के लिए थाना पुलिस और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से काम करेगी। यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आम लोगों को दी जाएगी।
अग्निशमन वाहन और आपातकालीन बचाव की तैयारी
प्रमुख पूजा पंडालों और आवश्यकतानुसार अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के आसपास अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखा जाएगा। इसके अलावा, सभी थानों को स्थानीय गोताखोरों की सूची और संपर्क विवरण तैयार रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल उनकी मदद लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
शांति भंग करने वालों पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई
विधि-व्यवस्था के लिए खतरा उत्पन्न करने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आवश्यकतानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 सहित अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील व्यक्तियों और स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल कदम उठाने को कहा गया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूर्व सूचना देना अनिवार्य
पूजा समितियों को डांडिया, गरबा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की पूर्व सूचना संबंधित थाना एवं यातायात पुलिस को देनी होगी। इससे कार्यक्रमों में संभावित भीड़ के अनुरूप सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन किया जा सकेगा। विसर्जन जुलूस और रावण दहन कार्यक्रमों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराने की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। संबंधित पुलिस अधिकारी आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।
राँची पुलिस की आम लोगों से अपील
बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का पूर्व आकलन करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। संबंधित पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की निगरानी करेंगे।
राँची पुलिस ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने, यातायात नियमों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
बरहरवा (साहिबगंज): साहिबगंज पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक स्मैक (चरस) विक्रेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 18 पुड़िया नशीला पदार्थ (स्मैक) बरामद किया गया है, जिसका कुल वजन 9.6 ग्राम है।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (11 अक्टूबर) को बरहरवा थाना क्षेत्र के झिकटिया चौक पर स्थानीय ग्रामीणों ने एक युवक को चरस/स्मैक बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही संध्या गश्ती दल में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (पु०अ०नि०) अनिल कुमार यादव ने दल-बल के साथ मौके पर पहुँचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा तलाशी लिए जाने पर उसके पास से 18 पुड़िया स्मैक बरामद हुई।
पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक मामला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा कुमार (22 वर्ष), पिता- स्व० अशोक महतो, निवासी- झिकटिया (काली मंदिर के पास), थाना बरहरवा, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बरहरवा थाना में पूर्व से मामला (कांड संख्या 115/23, धारा 380/411/457 भा०द०वि०) दर्ज है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में बरहरवा थाना कांड संख्या 258/26, दिनांक 11.10.2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ NDPS Act 1985 की धारा 17(b)/21(b) के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य नेटवर्क की भी तलाश कर रही है।
छापेमारी/गिरफ्तारी टीम में शामिल सदस्य:
पु०नि० संतोष कुमार (बरहरवा प्रभाग)पु०अ०नि० अनिल कुमार यादव (बरहरवा थाना),पु०अ०नि० सुदामा सिंह (बरहरवा थाना) सशस्त्र बल (बरहरवा थाना)
चेन्नई में 23 से 27 अक्टूबर तक होगी प्रतियोगिता, परमा ने स्वर्ण तो एमानुएल ने जीता था रजत पदक
साहिबगंज, 12 अक्टूबर। साहिबगंज जिले के दो उभरते एथलीट परमा हांसदा और एमानुएल किस्कू ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों का चयन 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 27 अक्टूबर तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खेल विभाग द्वारा साहिबगंज के सिदो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु परमा हांसदा का चयन पेंटाथलन स्पर्धा के लिए किया गया है। वहीं, एमानुएल किस्कू 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी अंडर-16 बालक वर्ग में हिस्सा लेंगे और राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र हैं।
पूर्वी क्षेत्र प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन
दोनों खिलाड़ियों का चयन पटना में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता और धनबाद में आयोजित तीसरी झारखंड राज्य स्तरीय सब-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
परमा हांसदा ने पटना में आयोजित पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वहीं, एमानुएल किस्कू ने रजत पदक हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया था।
दोनों खिलाड़ियों को आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक योगेश यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिला है। उनके राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
अधिकारियों ने दी बधाई
दोनों एथलीटों की इस उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास और जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित जिले के लोगों ने बधाई दी है। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और जिले एवं झारखंड का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं अब चेन्नई में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
साहिबगंज में एक दिवसीय धरना, कांग्रेस सांसद की सदस्यता रद्द करने की उठी मांग
साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी, साहिबगंज जिला के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े एक मामले में कांग्रेस सांसद के कथित कृत्य के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी ललिता पासवान ने किया। धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम यादव और जिला प्रभारी अमृत पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की नेत्री ललिता पासवान ने विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया। मंच का संचालन जिला मंत्री ऊषा भारती ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला मोर्चा की बरहरवा नगर अध्यक्ष पूनम भारती ने किया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम यादव और जिला प्रभारी अमृत पांडेय ने कांग्रेस सांसद के कथित कृत्य की आलोचना की। उन्होंने सांसद की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में कांग्रेस के कई नेता भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक मंशा पर सवाल खड़े करने वाला मामला बताया।
इस धरना-प्रदर्शन में बरहरवा नगर अध्यक्ष अर्पिता दास, पूर्व नगर अध्यक्ष श्यामल दास, जिला उपाध्यक्ष सोनेलाल ठाकुर, बप्पी निर्मल साह, संजीव गुप्ता सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेमरा स्थित पैतृक आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री से की मुलाकात, दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि
नेमरा (रामगढ़), 12 अक्टूबर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए सोमवार को कई जनप्रतिनिधि नेमरा स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत रूपी सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शोक व्यक्त करने वालों में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, विधायक सी.पी. सिंह, विधायक चंद्र देव महतो, बिहार के बोधगया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुमार सर्वजीत, पूर्व विधायक डॉ. जीतू चरण राम और पूर्व विधायक सौरभ नारायण सिंह शामिल थे।
सभी जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत रूपी सोरेन के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही, शोकाकुल सोरेन परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों ने इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ अपनी एकजुटता प्रकट की।
स्व. प्रमोद कुमार साहू की स्मृति में आयोजित हुआ धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया प्रसाद
सिल्ली। सिल्ली प्रखंड के राधिका मैदान स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। स्वर्गीय प्रमोद कुमार साहू की स्मृति में उनकी पत्नी प्रेमलता साहू एवं परिवार की ओर से आयोजित पूजा में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।पंडित दिनेश बनर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान हवन और आरती का आयोजन किया गया। मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद आयोजित प्रतिष्ठा पूजा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। पूजा के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम में धीरेंद्र प्रसाद साहू, रूपेश कुमार साहू, शाश्वत प्रसाद साहू, भागवत सोनार, जितेंद्र प्रसाद साव, संजीव कुमार भगत, प्रकाश अग्रवाल, सुशांत भगत, सुजीत सोनार, मनोज विश्वकर्मा, रमेश गोराई, सुमन अग्रवाल, ऋषिकेश सोनार, मुखिया भरत मुंडा, हरेंद्र गोराई, हेमंत सूत्रधर, शुभम चंद्र और संदीप सोनार सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। समिति ने आयोजन की सफलता में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
इंडियाज गॉट टैलेंट के फाइनलिस्ट रैम्बो डांस ट्रूप के साथ बांकुड़ा में दी शानदार प्रस्तुति
मुरी। झारखंड के मुरी निवासी मोहन साहिस ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा स्थित रवींद्र भवन में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी सहभागिता से क्षेत्र का मान बढ़ाया। स्वस्तिक डांस एकेडमी के वार्षिक समारोह में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के दौरान उन्होंने रैम्बो डांस ट्रूप के साथ मां दुर्गा के महिषासुर मर्दिनी स्वरूप पर आधारित विशेष नृत्य प्रस्तुति में भाग लिया।इंडियाज गॉट टैलेंट के फाइनलिस्ट और इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5 के परफॉर्मर रैम्बो डांस ट्रूप की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भारतीय पौराणिक कथाओं, भक्ति और नृत्य कला के अनूठे संगम से सजी इस प्रस्तुति में आकर्षक भाव-भंगिमाओं, दमदार अभिनय और प्रभावशाली मंचीय प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।मुरी के मोहन साहिस की इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता से स्थानीय लोगों में खुशी है। उनकी प्रस्तुति झारखंड की प्रतिभाओं की कला और क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।कार्यक्रम में सांसद प्रसनजीत चटर्जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने स्वस्तिक डांस एकेडमी के वार्षिक समारोह को सुंदर और अनूठी सांस्कृतिक संध्या बताया। रैम्बो डांस ट्रूप की ‘महिषासुर मर्दिनी’ प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
338.96 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल, दो बाइक, एक स्कूटी और 9,100 रुपये नकद बरामद
रांची । रांची पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धुर्वा थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी के पास सीएनजी पेट्रोल पंप के समीप से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4,000 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन 338.96 ग्राम बताया गया है। मौके से चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 9,100 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 12 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 11 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धुर्वा थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी के पास सोनू तिवारी और संदीप उर्फ मामा द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना से वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। इसके बाद उनके निर्देश पर हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल जब सीएनजी पेट्रोल पंप के पास स्मार्ट सिटी क्षेत्र में पहुंचा, तो वहां संदिग्ध अवस्था में पांच से छह युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर चार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान बरामद किए गए।
चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा और अंकित तिवारी शामिल हैं। ये तीनों रांची के एकतानगर क्षेत्र में रह रहे थे और मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के अरुवां गांव के निवासी बताए गए हैं। चौथे आरोपी की पहचान रितिक राज के रूप में हुई है, जो रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सिठियो रोड की पटेल कॉलोनी का निवासी बताया गया है।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी अंकित तिवारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ तिलैया थाना में वर्ष 2021 में मामला दर्ज है। इसके अलावा डोरंडा थाना में वर्ष 2021 तथा पुंदाग ओपी में वर्ष 2023 में भी मामले दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। इनमें धोखाधड़ी, चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी पुलिस
इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 271/2026, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 21(सी), 22(बी), 22(सी) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
छापेमारी दल में वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक लव कुमार, चंद्रशेखर कुमार सिंह तथा तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार शामिल थे।
सोनाहातू (रांची)। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और नशा मुक्त तरीके से संपन्न कराने के मद्देनजर _सोनाहातू थाने के थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप_ के निर्देश पर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान चलाया।
इस अभियान का नेतृत्व _SI राकेश कुमार और उनकी टीम_ ने किया। टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर अवैध देशी शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया।
*इन भट्ठियों को किया गया नष्ट -*
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान _ग्राम लोवाडीह निवासी अक्षय महतो_ और _ग्राम तिलाईपीढ़ी निवासी भवतारण महतो उर्फ सरकार_ द्वारा संचालित की जा रही अवैध शराब की भट्ठियों को नष्ट किया गया।
इसके साथ ही _तिलाईपीढ़ी, लोवाडीह और जुड़गा_ गांव में अवैध रूप से देशी शराब बनाने के लिए रखे गए लगभग _300 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट किया गया_ और चूल्हा-भट्ठी को तोड़ दिया गया।
थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की है कि अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
